11 जून को मुख्यमंत्री योगी के शुकतीर्थ आगमन कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा प्रशासन
आगामी 11 जून को शुकतीर्थ के सतगुरु स्वामी समन दास आश्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिले के भाजपा नेता व जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गए हैं।
भाजपा नेताओं व प्रशासनिक अफसरों ने लिया जायजा
शनिवार को शुकतीर्थ पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा, एसपी देहात आदित्य बंसल, एसडीएम जानसठ जयेंद्र सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग का एक्सईएन अनिल राणा ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री के लिए बनाए गए मंच व हैलीपेड का निरीक्षण किया।
आश्रम प्रबंधक गोवर्धनदास महाराज ने संदीपदास महाराज व आश्रम के अन्य पदाधिकारियों से सलाह की व साफ-सफाई के निर्देश दिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।